दिया समाचार
नयाबास के अर्जुन लाल जाट की जीत के लिए देश भर से दुआएं
क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग व हरभजन सिंह ने दी शुभकामनाएंनयाबास ग्राम पंचायत निवासी किसान रामस्वरूप जाट के बेटे नायब सूबेदार अर्जुन लाल जाट के टोक्यो ओलंपिक में बुधवार सुबह 8 बजे होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में जीत के लिए देशभर से लोग दुआएं कर रहे हैं और नायब सूबेदार अर्जुन लाल जाट को शुभकामनाएं दे रहे हैं।
किसान रामस्वरूप जाट के घर पर पिता रामस्वरूप जाट, बड़े भाई भारतीय सेना में पदस्थापित धर्मराज जाट सहित परिजन ढाणी में स्थित शिव मंदिर में अर्जुन की जीत के लिए भगवान से प्रार्थना कर रहे हैं।
आसपास के खिलाड़ियों को खो-खो व अन्य खेलों में राष्ट्रीय स्तर पर खेल के देख बचपन में खेलने की रूचि और जज्बे की बदौलत छोटे से गांव नयाबास से टोक्यो ओलंपिक का अर्जुन का सफर बहुत ही संघर्षपूर्ण और मुश्किल रहा है।
छोटे से गांव में ना खेलों के लिए अनुकूल संसाधन और ना ही कोई खेलों के लिए मैदान लेकिन जज्बे और संघर्ष ने अर्जुन को आज भारतीय सेना के माध्यम से टोक्यो ओलंपिक में पहुंचा दिया।
आज 8 बजे 6 देशों की टीमों में होगा फाइनल में पहुंचने के लिए मुकाबला
नायब सूबेदार अर्जुन लाल जाट अपने साथी अरविंद सिंह के साथ बुधवार सुबह 8 बजे टोक्यो ओलंपिक में डबल स्कल्स रोइंग प्रतियोगिता में सेमीफाइनल मैच में अपना दमखम दिखाएगा।
बुधवार को स्पेन, बेल्जियम , आयरलैंड, इटली , यूक्रेन व भारत की 6 टीम सेमीफाइनल रोइंग डबल स्कल्स प्रतियोगिता में भाग लेंगे।
अर्जुन ने बताया कि फाइनल में पहुंचकर देश के लिए पदक जीतना ही अब उसका एकमात्र लक्ष्य है।
देश भर से जीत के लिए लोग दे रहे हैं शुभकामना
नयाबास के नायब सूबेदार अर्जुन लाल जाट के बुधवार को होने वाले सेमीफाइनल मुकाबले में जीत के लिए पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग, हरभजन सिंह, हेमांग बादनी, जयपुर ग्रामीण सांसद व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़, अंतरराष्ट्रीय शूटर ओमप्रकाश निठारवाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी खेमचंद निठारवाल, अंतरराष्ट्रीय दिव्यांग खिलाड़ी रामसिंह बराला सहित देशभर से खिलाड़ी खेल प्रेमी अर्जुन को जीत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं।
जनप्रतिनिधि व ग्रामीण में कर रहे हैं जीत के लिए दुआ
गुजरात के पूर्व राज्यपाल डॉ कमला, विधायक आलोक बेनीवाल, पूर्व विधानसभा उपाध्यक्ष राव राजेंद्र सिंह, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मनीष यादव, नगर पालिका चेयरमैन बंशीधर सैनी सहित आसपास के ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधि भी अर्जुन लाल जाट के परिजनों को दूरभाष पर अर्जुन की जीत के लिए शुभकामनाएं दे रहे हैं। पिता रामस्वरूप जाट ने बताया कि अर्जुन का एकमात्र लक्ष्य देश के लिए पदक जीतना है। किसान रामस्वरूप जाट ने बताया कि संघर्ष व जज्बा ही व्यक्ति को बड़े से बड़े मुकाबले को जीतने के लिए सबसे बड़ा हथियार है।
घर पर परिजन शिव मंदिर में कर रहे हैं पूजा अर्चना
नयाबास ग्राम पंचायत में नैब सूबेदार अर्जुन लाल जाट की ढाणी में पिता रामस्वरूप जाट, बड़े भाई धर्मराज जाट सहित घर की महिलाएं व ग्रामीण ढाणी में स्थित शिव मंदिर में अर्जुन की जीत के लिए प्रार्थना कर रही हैं। सरपंच सुमित्रा देवी जाट, डेयरी सचिव रामेश्वर जाट, पूर्व सरपंच रामेश्वर जाट, विजेंद्र गुर्जर गुरुजी, नेम सिंह सेपट सहित कई जनप्रतिनिधियों ने बताया कि अर्जुन की जीत के लिए गांव में भी लोग अपने अपने घरों और मंदिरों में पूजा अर्चना कर रहे हैं।